पटना। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध की गूंज अब बिहार की राजधानी पटना तक पहुंच गई है। बुधवार को पटना के जेपी गोलंबर पर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आईसा) के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई। प्रदर्शनकारी छात्र केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। हालात बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, जिसमें कई छात्र घायल हुए। वहीं झड़प के दौरान गांधी मैदान थानाध्यक्ष भी घायल हो गए और उनके सिर में चोट आई।
जानकारी के अनुसार, आईसा के बैनर तले बड़ी संख्या में छात्र जेपी गोलंबर पर एकत्र हुए थे। उनका आरोप था कि दिल्ली में छात्रों के साथ पुलिस ने बल प्रयोग किया, जिसके विरोध में वे शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए इस्तीफे की मांग उठाई।
स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच आगे बढ़ने को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान पत्थरबाजी की घटनाएं भी सामने आईं। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पहले प्रदर्शनकारियों को हटाने का प्रयास किया और फिर आंसू गैस के गोले छोड़े। इसके बाद भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया गया।
झड़प में गांधी मैदान थाना प्रभारी के सिर में चोट लगी, जबकि कई छात्रों के भी घायल होने की सूचना है। घटना के बाद पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में होने की बात कही है, जबकि छात्र संगठनों ने पुलिस कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताई है।
फिलहाल प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। वहीं छात्र संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।