बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन (बीडब्ल्यूएफ) विश्व चैंपियनशिप के लिए भारत की 10 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 17 से 23 अगस्त तक नई दिल्ली में आयोजित होगा, जिसमें दुनिया के शीर्ष बैडमिंटन खिलाड़ी खिताब के लिए मुकाबला करेंगे। भारतीय टीम की अगुवाई दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु करेंगी।
बीडब्ल्यूएफ की ओर से जारी क्वालिफिकेशन सूची के अनुसार भारत के 10 खिलाड़ियों ने पांचों स्पर्धाओं में जगह बनाई है। यह सूची 28 अप्रैल की विश्व रैंकिंग के आधार पर तैयार की गई है। प्रतियोगिता में पुरुष और महिला एकल वर्ग में 64-64 खिलाड़ी, जबकि पुरुष, महिला और मिश्रित युगल में 48-48 जोड़ियां हिस्सा लेंगी।
महिला एकल में पीवी सिंधु को मेजबान देश के प्रतिनिधि के रूप में बीडब्ल्यूएफ के नियमों के तहत स्थान मिला है। उनके साथ युवा खिलाड़ी उन्नति हुड्डा भी भारत की चुनौती पेश करेंगी। वहीं पुरुष एकल में लक्ष्य सेन और आयुष शेट्टी ने अपनी विश्व रैंकिंग के आधार पर सीधे प्रवेश हासिल किया है।
पुरुष युगल में भारत की स्टार जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी एक बार फिर खिताब की उम्मीदों के साथ कोर्ट पर उतरेंगे। इनके अलावा हरिहरन अमसाकरुणन और एमआर अर्जुन की जोड़ी भी भारत का प्रतिनिधित्व करेगी।
महिला युगल में ट्रेसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी भारतीय चुनौती की अगुवाई करेगी। इनके साथ कविप्रिया सेल्वम और सिमरन सिंघी को भी प्रतियोगिता में जगह मिली है। मिश्रित युगल में ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो के अलावा रोहन कपूर और रुत्विका शिवानी गड्डे की जोड़ी भी भारतीय अभियान का हिस्सा होगी।
रिजर्व सूची में किदांबी श्रीकांत, एचएस प्रणय, तन्वी शर्मा, अनमोल खरब, मालविका बंसोड़ और तस्नीम मीर को शामिल किया गया है। बीडब्ल्यूएफ ने यह भी पुष्टि की है कि सभी पांचों वर्गों के मौजूदा विश्व चैंपियन इस बार भी प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे, जिससे टूर्नामेंट का रोमांच और बढ़ गया है।