ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा और उनके पति एवं अमेरिकी सिंगर निक जोनास ने अपनी शादीशुदा जिंदगी से जुड़ा एक दिलचस्प और मजेदार किस्सा साझा किया है। जोनास ब्रदर्स की नई पॉडकास्ट सीरीज ‘हे जोनास!’ के एक एपिसोड में दोनों ने अपनी निजी जिंदगी और बॉलीवुड गॉसिप को लेकर खुलकर बातचीत की, जिसने फैंस का खूब मनोरंजन किया।
पॉडकास्ट के दौरान निक जोनास ने मजाकिया अंदाज में कहा कि प्रियंका से शादी के बाद उन्हें सबसे बड़ा फायदा यह मिला कि अब वह बॉलीवुड की ताजा खबरों और गॉसिप से हमेशा अपडेट रहते हैं। उन्होंने हंसते हुए कहा कि शादी के करीब आठ वर्षों में उन्हें सबसे ज्यादा मजा बॉलीवुड की अंदरूनी चर्चाओं और गॉसिप को जानने में आया है।
निक की इस बात पर प्रियंका चोपड़ा भी अपनी हंसी नहीं रोक सकीं। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि क्या पूरी शादी में उन्हें सबसे ज्यादा यही चीज पसंद आई। प्रियंका ने खुलासा किया कि निक का सोशल मीडिया फीड अक्सर बॉलीवुड गॉसिप से भरा रहता है और कई बार उन्हें किसी अभिनेता या अभिनेत्री के ब्रेकअप की जानकारी भी निक से ही मिलती है।
प्रियंका ने बताया कि कई बार वह किसी दोस्त को संदेश भेजते समय उसका हालचाल पूछती हैं, तब निक उन्हें बताते हैं कि उस कलाकार का ब्रेकअप हो चुका है। इस पर प्रियंका मजाक में कहती हैं कि निक बॉलीवुड गॉसिप पर उनकी तुलना में ज्यादा नजर रखते हैं। निक ने भी मुस्कुराते हुए स्वीकार किया कि उन्हें ऐसी खबरें पढ़ना पसंद है।
पॉडकास्ट में मौजूद केविन और जो जोनास ने जब निक से पूछा कि वह किन बॉलीवुड सितारों की खबरें फॉलो करते हैं, तो उन्होंने किसी का नाम लेने से इनकार कर दिया। हालांकि उन्होंने यह जरूर माना कि वह कुछ बॉलीवुड गॉसिप पेजों को चुपचाप फॉलो करते हैं और वहां मिलने वाली खबरें उन्हें काफी दिलचस्प लगती हैं।
गौरतलब है कि प्रियंका और निक की पहली मुलाकात 2017 में ऑस्कर आफ्टर-पार्टी में हुई थी। 2018 में दोनों ने डेटिंग शुरू की, उसी वर्ष सगाई की और दिसंबर 2018 में जोधपुर के उमैद भवन पैलेस में हिंदू और ईसाई रीति-रिवाजों से विवाह किया। वर्ष 2022 में दोनों सरोगेसी के जरिए बेटी मालती मैरी चोपड़ा जोनास के माता-पिता बने।