आगामी निर्वाचन की तैयारियों के तहत देहरादून जनपद में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के बाद ड्राफ्ट वोटर लिस्ट (प्रथम प्रारूप) प्रकाशित कर दी गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया था। अब प्रकाशित ड्राफ्ट रोल पर आम नागरिक 13 अगस्त 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं।
बुधवार को आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को ड्राफ्ट मतदाता सूची, सर्विस वोटर सूची, एएसडी (अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं डुप्लीकेट) मतदाताओं का विवरण और मतदान केंद्रों की सूची हार्ड एवं सॉफ्ट कॉपी के रूप में उपलब्ध कराई। उन्होंने सभी दलों से अपील की कि यदि सूची में किसी प्रकार की त्रुटि या विसंगति दिखाई दे तो उसकी जानकारी समय रहते प्रशासन को दें।
प्रकाशित ड्राफ्ट रोल के अनुसार देहरादून जनपद में कुल 11,90,805 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 9,369 सर्विस मतदाता और 10,130 दिव्यांग मतदाता शामिल हैं। निर्वाचन आयोग ने मतदान व्यवस्था को अधिक सुगम बनाने के लिए जिले में मतदान केंद्रों की संख्या भी बढ़ाई है। पहले जहां 1,882 मतदान केंद्र थे, वहीं अब इनकी संख्या बढ़कर 2,045 हो गई है।
जिलाधिकारी ने बताया कि सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों के लिए फोटोयुक्त मतदाता सूची तैयार कर संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में नहीं है या नाम, पता अथवा अन्य विवरण में सुधार कराना है, तो वह 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक अपने बीएलओ, मतदाता पंजीकरण अधिकारी, सहायक पंजीकरण अधिकारी या निर्वाचन आयोग की वेबसाइट और मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकता है।
निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार सभी दावों और आपत्तियों का निस्तारण 11 सितंबर 2026 तक कर दिया जाएगा, जबकि 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। बैठक में जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों से अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA-2) की नियुक्ति भी जल्द पूरी करने का आग्रह किया, ताकि पुनरीक्षण प्रक्रिया और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित हो सके।