चमोली को155 करोड़ की बड़ी सौगात, सीएम धामी ने एक साथ शुरू कीं 63 विकास योजनाएं

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को चमोली जनपद को विकास की बड़ी सौगात देते हुए 155.36 करोड़ रुपये की 63 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। गोपेश्वर के पुलिस मैदान में आयोजित सेवा, सुशासन एवं समर्पण सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 113.99 करोड़ रुपये की लागत वाली 36 योजनाओं का शिलान्यास और 41.37 करोड़ रुपये की 27 योजनाओं का लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य विकास की रोशनी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क, पुल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा, पर्यटन और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। धार्मिक, सांस्कृतिक और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण चमोली जिले के समग्र विकास के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

शिलान्यास की प्रमुख परियोजनाओं में जोशीमठ-नीति मार्ग पर स्टील ट्रस पुल, लंगसी-द्वींग-तपोवन मोटर मार्ग पर लोह सेतु, विभिन्न मोटर मार्गों का निर्माण एवं चौड़ीकरण, बाढ़ सुरक्षा कार्य, नंदप्रयाग में मॉडल पशु चिकित्सालय, सामुदायिक भवन, पार्किंग सुविधाएं और सिंचाई परियोजनाएं शामिल हैं।

वहीं, लोकार्पित योजनाओं में कई मोटर मार्गों का निर्माण और डामरीकरण, जिला चिकित्सालय और बीपीएचयू भवन, विद्यालयों में पुस्तकालय और विज्ञान प्रयोगशालाएं, गोपेश्वर स्पोर्ट्स स्टेडियम में बैडमिंटन हॉल, ट्राउट हैचरी, कल्पेश्वर पाथवे, सहकारी समिति भवन और सड़क सुधार कार्य प्रमुख हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से चमोली में सड़क संपर्क बेहतर होगा, स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं को मजबूती मिलेगी, खेल और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा मत्स्य पालन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार विकास कार्यों में किसी तरह की कमी नहीं आने देगी और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देती रहेगी।

कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.