हरेला पर सीएम धामी का बड़ा संदेश, मालाग्राम में किया पौधरोपण और हर्बल वर्ल्ड का दौरा

हरेला पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को यमकेश्वर विकासखंड के मालाग्राम पहुंचकर सघन पौधरोपण अभियान में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तराखंड का संदेश देते हुए लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान ‘श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय’ का विस्तृत भ्रमण भी किया। उन्होंने यहां संरक्षित दुर्लभ औषधीय पौधों, हिमालयी जड़ी-बूटियों, अनुसंधान गतिविधियों और आयुर्वेद आधारित नवाचारों की जानकारी ली। साथ ही परिसर में स्थित ध्यान कुटी का भी निरीक्षण किया और वहां किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड की जैव विविधता और हिमालयी औषधीय वनस्पतियां राज्य की अमूल्य धरोहर हैं। इनके संरक्षण, संवर्धन और वैज्ञानिक शोध को बढ़ावा देना समय की जरूरत है। उन्होंने कहा कि औषधीय पौधों के संरक्षण से न केवल पर्यावरण मजबूत होगा, बल्कि आयुर्वेद आधारित अनुसंधान, हर्बल पर्यटन और स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ-साथ पर्यावरण और विकास के बीच संतुलन स्थापित करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। हरेला जैसे पारंपरिक पर्व प्रकृति के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने और हरियाली को बढ़ावा देने का प्रभावी माध्यम हैं।

मालाग्राम स्थित ‘श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय’ देश के प्रमुख हर्बल पार्कों में शामिल है। यहां देश के विभिन्न राज्यों और हिमालयी क्षेत्रों से लाई गई दुर्लभ जड़ी-बूटियों और औषधीय पौधों का वैज्ञानिक तरीके से संरक्षण और संवर्धन किया जा रहा है। यह केंद्र पारंपरिक आयुर्वेद और आधुनिक शोध के समन्वय का महत्वपूर्ण उदाहरण बनकर उभर रहा है।

कार्यक्रम में पतंजलि योगपीठ के संस्थापक स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.