देहरादून में बारिश ने बढ़ाई चिंता, जलभराव वाले इलाकों में QRT की तैनाती

देहरादून। राजधानी देहरादून में रविवार सुबह से जारी बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। आमजन की सुरक्षा और सुगम आवागमन को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर क्विक रिस्पांस टीम (QRT) सहित विभिन्न विभागों की टीमें लगातार फील्ड में सक्रिय हैं। संवेदनशील और जलभराव वाले क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जा रही है।

जिलाधिकारी के निर्देश पर सभी QRT नोडल अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर रहे हैं। नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों के साथ सिंचाई विभाग, लोक निर्माण विभाग, ट्रैफिक पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा ले रहे हैं। जलभराव की स्थिति, जल निकासी व्यवस्था और सड़कों पर यातायात की स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है।

प्रशासन की टीमों ने ऐसे स्थानों को चिन्हित किया है, जहां बारिश के कारण जलभराव अथवा आवागमन में बाधा उत्पन्न होने की आशंका है। जिन क्षेत्रों में जल निकासी प्रभावित पाई जा रही है, वहां संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। जरूरत के अनुसार मौके पर टीमें भेजकर समस्या का समाधान कराया जा रहा है।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान स्वयं बारिश से उत्पन्न परिस्थितियों की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। फील्ड अधिकारियों से नियमित अपडेट लिया जा रहा है और स्थिति के अनुसार संबंधित विभागों को दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बारिश के दौरान फील्ड में सक्रिय रहकर संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करें और किसी भी सूचना पर बिना देरी मौके पर पहुंचें।

प्रशासन ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने तथा जनसुविधा से जुड़े मामलों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा है। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि बारिश के दौरान नागरिकों को सुरक्षित आवागमन उपलब्ध रहे और जलभराव के कारण जनजीवन कम से कम प्रभावित हो।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अनावश्यक रूप से जलभराव और संवेदनशील क्षेत्रों में जाने से बचें। सड़क अवरोध, जलभराव या अन्य समस्या की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें, ताकि राहत एवं आवश्यक कार्रवाई समय पर की जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.