सेवा अभियान में उत्तराखंड भाजपा बनाएगी नया रिकॉर्ड, भट्ट ने जताया भरोसा

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से शुरू होने वाले राष्ट्रव्यापी सेवा संकल्प अभियान को लेकर उत्तराखंड भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। हरिद्वार रोड, कुआंवाला स्थित एक निजी प्रतिष्ठान में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में पार्टी पदाधिकारियों ने सेवा कार्यक्रमों को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने केंद्रीय नेतृत्व को भरोसा दिलाया कि सेवा अभियान में भी उत्तराखंड भाजपा देशभर में अग्रणी रहेगी।

अभियान देशभर में 17 सितंबर से शुरू होगा, जबकि उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन 16 सितंबर से इसकी शुरुआत की जाएगी। विभिन्न सेवा कार्यक्रमों का आयोजन 17 अक्टूबर तक किया जाएगा। क्षेत्रीय संयोजक कुलदीप चहल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने जीवन से यह संदेश दिया है कि सत्ता को शक्ति नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम बनाया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री का जन्मदिन सेवा कार्यों के माध्यम से मनाना समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है और गरीबों के कल्याण, महिलाओं के सशक्तीकरण, किसानों तथा युवाओं के हित में कई महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विकसित भारत के निर्माण के साथ सेवा गतिविधियों को भी गति देने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने राजनीतिक मुद्दों पर कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ देश के सम्मान और स्वाभिमान का प्रतीक है तथा उत्तराखंड में इसे पूरी गरिमा के साथ सम्मान मिलता रहेगा। उन्होंने कांग्रेस पर युवाओं के रोजगार और नकल माफिया को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है।

धामी ने हल्द्वानी प्रकरण को लेकर भी विपक्ष पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि राजनीतिक दलों को तथ्यों के आधार पर बात करनी चाहिए।

कार्यशाला में कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, सतपाल महाराज, मदन कौशिक, गणेश जोशी, भरत चौधरी सहित कई विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष और अभियान से जुड़े पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.