होर्मुज में अमेरिका-ईरान का भीषण टकराव, मिसाइल हमले में भारतीय की मौत

तेहरान/वाशिंगटन: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ता सैन्य संघर्ष अब खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। लगातार तीसरी रात अमेरिका ने ईरान के कई रणनीतिक ठिकानों और बंदरगाह शहरों पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए। इसके जवाब में ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के दो तेल टैंकरों को मिसाइलों से निशाना बनाया। इस हमले में एक भारतीय क्रू मेंबर की मौत हो गई, जबकि छह अन्य भारतीय नागरिक समेत कुल आठ लोग घायल हुए हैं। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।

अमेरिकी मध्य कमान (सेंटकॉम) के अनुसार, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निर्देश पर बंदर अब्बास, किश, केशम और अबू मूसा द्वीप समेत कई स्थानों पर एक साथ हमले किए गए। ईरानी मीडिया ने भी इन इलाकों में विस्फोटों की पुष्टि करते हुए दावा किया कि अमेरिका ने ड्रोन हमलों को अंजाम दिया।

यूएई के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ओमान के समुद्री क्षेत्र में उसके दो टैंकरों पर ईरानी मिसाइलें दागी गईं। इस हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हुई है, जबकि छह भारतीय और दो यूक्रेनी नागरिक घायल हुए हैं। मंत्रालय ने कहा कि उसे इस हमले का जवाब देने का पूरा अधिकार है।

इस बीच सेंटकॉम ने घोषणा की है कि वह ईरानी बंदरगाहों की ओर आने-जाने वाले जहाजों पर नौसैनिक नाकाबंदी दोबारा लागू करेगा। इस फैसले के बाद वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में नौ प्रतिशत से अधिक उछाल दर्ज किया गया है।

क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। सऊदी अरब और यमन के हूती विद्रोहियों के बीच भी हमले तेज हो गए हैं। वहीं, फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के अनुसार फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी के ऊपर अमेरिकी वायुसेना के कई रीफ्यूलिंग टैंकर, निगरानी विमान और सैन्य एयरक्राफ्ट सक्रिय देखे गए।

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ईरान पर दबाव बनाए रखेगा और जरूरत पड़ने पर आगे भी कड़े सैन्य अभियान जारी रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में अमेरिकी सहयोगी देशों को इस अभियान की लागत साझा करनी चाहिए। बढ़ते सैन्य तनाव के बीच पूरी दुनिया की नजर अब होर्मुज जलडमरूमध्य पर टिकी हुई है, क्योंकि यहां की स्थिति वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और पश्चिम एशिया की सुरक्षा पर सीधा असर डाल सकती है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.