कुछ ही मिनटों में बना मौत का जाल! बैंकॉक पब अग्निकांड ने दहला दिया थाईलैंड

बैंकॉक। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में रविवार देर रात एक पब में लगी भीषण आग ने बड़ा हादसा पैदा कर दिया। चाटुचाक जिले स्थित रॉन्ग बीयर ना लाट प्राओ बार में लगी आग में 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 63 अन्य घायल हो गए। घायलों में 22 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव दल ने तुरंत अभियान शुरू किया।

जानकारी के मुताबिक, आग रात करीब 11:57 बजे लगी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक आग और घने धुएं ने पब के भीतर भारी तबाही मचा दी थी।

प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा साझा किए गए वीडियो में पब के मुख्य प्रवेश द्वार से ऊंची-ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया। अंदर मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए, लेकिन कई लोग बाहर निकलने में सफल नहीं हो सके।

घटनास्थल का दौरा करने पहुंचे थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग सबसे पहले मंच के पास स्थित बिजली के स्विच क्षेत्र में लगी थी। इसके बाद लगातार धमाके होने लगे और कुछ ही मिनटों में पूरा पब आग और धुएं से भर गया।

प्रधानमंत्री ने बताया कि कई लोग मुख्य निकास मार्ग तक नहीं पहुंच पाए। कुछ लोग धुएं से बचने के लिए इमारत के पीछे बने टॉयलेट में छिप गए, लेकिन वहीं दम घुटने से उनकी मौत हो गई। राहतकर्मियों को सबसे अधिक शव टॉयलेट क्षेत्र से मिले हैं।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पब में दो आपातकालीन निकास मार्ग मौजूद थे। अब अधिकारी यह जांच कर रहे हैं कि क्या ये रास्ते सुरक्षित और उपयोग योग्य थे। साथ ही पब के लाइसेंस और अग्नि सुरक्षा मानकों की भी समीक्षा की जाएगी। हादसे के बाद बैंकॉक में पब और अन्य मनोरंजन स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.