यमुनोत्री मार्ग पर भारी मलबा गिरा, SDRF ने 100 श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाला

उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के कारण चारधाम यात्रा प्रभावित हो रही है। शनिवार को यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर सयानाचट्टी के पास भारी मलबा और बोल्डर गिरने से सड़क पूरी तरह बंद हो गई। मार्ग अवरुद्ध होने के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु रास्ते में फंस गए। सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया और करीब 100 श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लगातार बारिश के चलते सयानाचट्टी क्षेत्र में पहाड़ी से अचानक भारी मात्रा में मलबा और पत्थर सड़क पर आ गिरे, जिससे यमुनोत्री धाम जाने वाला मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क बंद होने से दोनों ओर वाहनों और यात्रियों की लंबी कतारें लग गईं।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट बड़कोट से मुख्य आरक्षी दुर्गेश रतूड़ी के नेतृत्व में एक टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची। वहीं एसडीआरएफ पोस्ट जानकीचट्टी से मुख्य आरक्षी राजेश कुमार के नेतृत्व में दूसरी टीम भी मौके पर भेजी गई।

मौके पर पहुंचने के बाद एसडीआरएफ जवानों ने स्थिति का आकलन किया और पाया कि सड़क पूरी तरह मलबे से ढकी हुई है, जिससे वाहनों का आवागमन संभव नहीं था। इसके बाद टीम ने वैकल्पिक मार्ग तैयार किया और यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए रस्सियां (रोप) लगाकर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की। जवानों ने एक-एक कर करीब 100 श्रद्धालुओं को सुरक्षित दूसरी ओर पहुंचाया।

राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी श्रद्धालु के घायल होने या किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं मिली। प्रशासन ने यात्रियों से मौसम को देखते हुए सतर्कता बरतने और यात्रा पर निकलने से पहले मार्ग की ताजा स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है। लगातार बारिश के चलते यमुनोत्री यात्रा मार्ग पर भूस्खलन और मलबा गिरने की घटनाएं बढ़ रही हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.