SIR के दूसरे चरण की तैयारी तेज, मतदाताओं की सुविधा के लिए लगेंगे विशेष कैंप

उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के अगले चरण की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने शुक्रवार को कुमाऊं और गढ़वाल मंडलों के आयुक्तों तथा सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से समीक्षा बैठक कर आगामी चरणों को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन, नोटिस जारी करने और दावे-आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने विशेष रूप से पर्वतीय जिलों में मानसून के दौरान संभावित सड़क अवरोध और आवागमन की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए पहले से व्यापक तैयारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) और सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ) सुनवाई करेंगे, वहां बिजली, पेयजल, इंटरनेट, स्कैनर और फोटोकॉपी जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

उन्होंने पर्वतीय क्षेत्रों में न्याय पंचायत स्तर पर क्लस्टर आधारित विशेष शिविर आयोजित करने के लिए रोस्टर तैयार करने के निर्देश दिए। वहीं मैदानी जिलों में तहसील के साथ-साथ नगर निगम, नगर पंचायत और वार्ड स्तर पर भी विशेष कैंप लगाए जाएंगे, ताकि मतदाता आसानी से अपनी दावे-आपत्तियां दर्ज करा सकें और उनका समयबद्ध निस्तारण हो सके।

डॉ. पुरुषोत्तम ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि ईआरओ और एईआरओ की सहायता के लिए शिक्षा, राजस्व, तहसील और अन्य संबंधित विभागों से नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की जाए, ताकि दस्तावेजों का सत्यापन तेजी और पारदर्शिता के साथ किया जा सके। उन्होंने बताया कि राज्य में वर्तमान में 70 ईआरओ और 800 एईआरओ तैनात हैं। जिन जिलों में अतिरिक्त एईआरओ की आवश्यकता है, वहां से प्रस्ताव तत्काल मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने दोनों मंडलों के आयुक्तों को 14 जुलाई से जिलों का स्थलीय निरीक्षण करने और सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने से पहले राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर उन्हें सूची उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। बैठक में दोनों मंडलों के आयुक्तों सहित निर्वाचन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और सभी जिलाधिकारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.