उत्तराखंड में रेड अलर्ट के बीच सीएम धामी का बड़ा आदेश, 24×7 अलर्ट पर रहें अधिकारी

उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की भारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के सभी संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन से प्रदेशभर की स्थिति की समीक्षा करते हुए स्पष्ट कहा कि जन-जीवन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी आपदा से निपटने के लिए सभी विभाग 24×7 सतर्क रहें।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में आयोजित समीक्षा बैठक में मौसम पूर्वानुमान, सड़क संपर्क, नदियों के जलस्तर और राहत-बचाव कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। सचिव विनोद कुमार सुमन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लेते हुए किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

मौसम विभाग ने 10 जुलाई के लिए नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और चंपावत जिलों में रेड अलर्ट, जबकि देहरादून, पौड़ी गढ़वाल और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसे देखते हुए जिलाधिकारियों, पुलिस, एसडीआरएफ, लोक निर्माण, पेयजल, विद्युत और स्वास्थ्य विभाग को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा को लेकर विशेष सावधानी बरतने को कहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि जहां मौसम खराब हो या यात्रा जोखिमपूर्ण हो, वहां श्रद्धालुओं को सुरक्षित होल्डिंग प्वाइंट्स पर रोका जाए। इन स्थानों पर भोजन, पेयजल, दवाइयां, बच्चों के लिए दूध, शौचालय और आवास जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। मौसम सामान्य होने और मार्ग सुरक्षित घोषित होने के बाद ही यात्रियों को आगे भेजा जाए।

सचिव आपदा प्रबंधन ने नदियों, बरसाती नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने तथा जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों की बंद सड़कों को युद्धस्तर पर खोलने, आवश्यक मशीनरी और मानवबल की अग्रिम तैनाती तथा बिजली, पेयजल और अन्य मूलभूत सेवाओं को शीघ्र बहाल करने पर भी विशेष जोर दिया गया। प्रदेशवासियों से अपील की गई है कि मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें और अनावश्यक यात्रा से बचें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.