बद्रीनाथ मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित विवाद को लेकर उत्तराखंड भाजपा ने जांच पूरी होने से पहले किसी भी तरह के निष्कर्ष पर नहीं पहुंचने की अपील की है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी। ऐसे में सभी पक्षों को धैर्य और जिम्मेदारी का परिचय देना चाहिए।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि बद्रीनाथ धाम जैसे आस्था के केंद्रों की छवि को बिना ठोस तथ्यों के नुकसान पहुंचाना उचित नहीं है। उन्होंने आशंका जताई कि जिस तरह पहले भी यात्रा सीजन के दौरान विभिन्न मुद्दों को लेकर माहौल प्रभावित करने की कोशिशें हुई हैं, उसी तरह यह मामला भी यात्रा को प्रभावित करने की साजिश का हिस्सा हो सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जांच पूरी होने तक किसी भी प्रकार की अटकलों या अफवाहों पर विश्वास न करें।
उन्होंने बताया कि जैसे ही मंदिर में कथित गड़बड़ी की सूचना मिली, सरकार ने तत्काल जांच शुरू करा दी। जांच एजेंसियां सभी संबंधित पक्षों से पूछताछ कर रही हैं और उपलब्ध साक्ष्यों की भी गहन पड़ताल की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी भी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार सामने आता है तो धामी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भट्ट ने कहा कि वर्तमान में सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर बिना प्रमाण के विभिन्न प्रकार के दावे किए जा रहे हैं, जो जनमानस में भ्रम पैदा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि अपुष्ट जानकारी के आधार पर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना न केवल अनुचित है, बल्कि इससे श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था भी प्रभावित हो सकती है।
इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दल और वर्ग सनातन पर सवाल उठाने का अवसर तलाशते रहते हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े विषयों पर राजनीति करने के बजाय जांच प्रक्रिया का सम्मान किया जाना चाहिए और सत्य सामने आने का इंतजार करना चाहिए।