उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। औरास थाना क्षेत्र में भाजपा नेता प्रमोद पासी उर्फ रेवती (55) की उनके ही बेटे ने कुल्हाड़ी से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। घटना उस समय हुई जब प्रमोद पासी गांव के मंदिर में शनि देव और बरम बाबा की पूजा-अर्चना कर रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी बेटा सोने लाल चुपचाप मंदिर पहुंचा और पीछे से अपने पिता पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में प्रमोद पासी के सिर और गर्दन पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सोने लाल को गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
परिजनों के मुताबिक, सोने लाल शराब का आदी था और आए दिन घर में विवाद करता था। वह अपनी पत्नी के साथ मारपीट भी करता था, जिसका प्रमोद पासी विरोध करते थे और बहू का समर्थन करते थे। इसके अलावा सोने लाल लगातार अपने पिता पर पैतृक संपत्ति में हिस्सा देने का दबाव बना रहा था, लेकिन प्रमोद पासी इसके लिए तैयार नहीं थे।
बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था। आशंका है कि संपत्ति विवाद और पारिवारिक कलह के चलते सोने लाल ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की विस्तृत जांच कर रही है।