भीमताल। उत्तराखंड के पर्यटन उद्योग को नई दिशा देने की पहल करते हुए आईटीसी होटल्स लिमिटेड ने भीमताल में अपने नए फॉर्च्यून लेकव्यू भीमताल होटल का शुभारंभ किया है। झील और हिमालय की खूबसूरत वादियों के बीच स्थित यह 63 कमरों वाला लग्जरी होटल पर्यटकों, कॉर्पोरेट यात्रियों और डेस्टिनेशन वेडिंग की योजना बनाने वालों के लिए आकर्षण का नया केंद्र बनने जा रहा है।
आईटीसी होटल्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अनिल चड्ढा ने बताया कि उत्तराखंड कंपनी के लिए एक महत्वपूर्ण पर्यटन गंतव्य है और यह राज्य में आईटीसी का 12वां होटल है। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से लैस इस होटल से भीमताल झील और आसपास की हिमालयी पहाड़ियों का मनमोहक दृश्य दिखाई देता है। यहां से नैनीताल, सातताल, नौकुचियाताल और कैंची धाम जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों तक आसानी से पहुंचा जा सकता है, जिससे पर्यटकों को बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा।
होटल में करीब 200 मेहमानों की क्षमता वाला अत्याधुनिक बैंक्वेट हॉल, कॉन्फ्रेंस सुविधाएं और आधुनिक बोर्डरूम उपलब्ध हैं। इसके चलते यह होटल कॉर्पोरेट मीटिंग, लीडरशिप रिट्रीट, डेस्टिनेशन वेडिंग और सामाजिक आयोजनों के लिए उपयुक्त स्थान माना जा रहा है।
मेहमानों के लिए ऑल-वेदर स्विमिंग पूल, आधुनिक फिटनेस सेंटर और जल्द शुरू होने वाला स्पा जैसी वेलनेस सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। वहीं होटल का ‘ज़ोडियाक’ रेस्टोरेंट स्थानीय कुमाऊँनी व्यंजनों के साथ भारतीय और अंतरराष्ट्रीय स्वाद का विशेष अनुभव देगा।
भीमताल आने वाले पर्यटक बोटिंग, कायाकिंग, ट्रेकिंग, माउंटेन बाइकिंग, बर्ड वॉचिंग और फोटोग्राफी जैसी गतिविधियों का आनंद उठा सकेंगे। इसके अलावा आसपास के नौकुचियाताल, सातताल और मुक्तेश्वर में पैराग्लाइडिंग, ज़िपलाइनिंग, रॉक क्लाइंबिंग और कैंपिंग जैसी एडवेंचर गतिविधियां भी पर्यटकों को रोमांचक अनुभव देंगी।
होटल के मालिक हेमंत द्विवेदी ने कहा कि इस परियोजना का उद्देश्य केवल विश्वस्तरीय आतिथ्य सेवाएं उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उत्तराखंड में पर्यटन को बढ़ावा देना और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित करना भी है। उन्होंने विश्वास जताया कि फॉर्च्यून लेकव्यू भीमताल आने वाले समय में अवकाश यात्राओं, कॉर्पोरेट कार्यक्रमों और डेस्टिनेशन वेडिंग्स के लिए एक पसंदीदा होटल के रूप में स्थापित होगा।