देहरादून। उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्य रविवार को देहरादून स्थित हिमाद्रि आइस रिंक पहुंचीं, जहां उन्होंने 21वीं नेशनल आइस स्केटिंग चैंपियनशिप-2026 में भाग ले रहे खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तराखंड अब केवल पर्यटन के लिए ही नहीं, बल्कि शीतकालीन खेलों के प्रमुख केंद्र के रूप में भी अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।
खेल मंत्री ने कहा कि हिमाद्रि आइस रिंक देश का सबसे आधुनिक और विश्वस्तरीय इनडोर आइस रिंक है। यह सुविधा न केवल उत्तराखंड के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण का अवसर दे रही है, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की मेजबानी के लिए भी राज्य को नई पहचान दिला रही है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष आयोजित 21वीं नेशनल आइस स्केटिंग चैंपियनशिप में देश के 21 राज्यों से 500 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में खिलाड़ी शॉर्ट ट्रैक और फिगर स्केटिंग जैसी ओलंपिक स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। मंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ उत्तराखंड को विंटर स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएंगे।
रेखा आर्य ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में 4 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का लाभ दिया जा रहा है। इसके साथ ही राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेताओं को ‘आउट ऑफ टर्न’ सरकारी नौकरी देने की दिशा में भी सरकार कार्य कर रही है, ताकि खिलाड़ी रोजगार की चिंता से मुक्त होकर अपने खेल पर पूरा ध्यान केंद्रित कर सकें।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य उत्तराखंड को पारंपरिक पर्यटन के साथ-साथ आधुनिक स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित करना है। कार्यक्रम के अंत में खेल मंत्री ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया को बधाई दी और सभी खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अमिताभ शर्मा, सचिव जगराज साहनी, आइस स्केटिंग एसोसिएशन उत्तराखंड के अध्यक्ष शिव पैन्यूली तथा विभिन्न देशों से आए निर्णायक मंडल के सदस्य भी उपस्थित रहे।