ऋषिकेश में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कार से मिली 15 पेटी अवैध शराब, दो तस्कर गिरफ्तार

देहरादून। ऋषिकेश पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 15 पेटी अवैध देशी शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक स्विफ्ट डिजायर कार को भी सीज कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार, कोतवाली ऋषिकेश की अलग-अलग टीमों द्वारा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान जंगलात बैरियर के पास एक स्विफ्ट डिजायर कार को रोककर तलाशी ली गई। जांच में कार से 14 पेटी अवैध देशी शराब, जिसमें कुल 630 टेट्रा पैक मिले। मौके से पुलिस ने कार चालक अशोक रुहेला, पुत्र स्वर्गीय कृष्ण कुमार रुहेला, को गिरफ्तार कर लिया।

एक अन्य कार्रवाई में डग बस अड्डा ऋषिकेश के पास पुलिस ने राममिलन, पुत्र स्वर्गीय पाहलू, निवासी लक्ष्मी भक्ति, को 45 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस ने बताया कि अशोक रुहेला के खिलाफ मुकदमा संख्या 257/2026 के तहत धारा 60(1)(क)/72 आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज किया गया है। वहीं राममिलन के खिलाफ मुकदमा संख्या 256/2026 में धारा 60(1) आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

अधिकारियों के अनुसार, शराब तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद शराब कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर सप्लाई किया जाना था। साथ ही तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध शराब की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.