नैनीताल। लोक भवन नैनीताल में अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों के लिए एक दिवसीय विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के माध्यम से विभिन्न बीमारियों की समय रहते पहचान सुनिश्चित करना तथा लोगों को बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना था। स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर जांच और चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाया।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने शिविर का निरीक्षण किया और चिकित्सकों तथा स्वास्थ्य कर्मियों से उपलब्ध सुविधाओं एवं जांच व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने शिविर में मौजूद अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों से संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा सभी से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने करीब 150 स्वास्थ्य जांचें कीं। इसके अलावा 15 लोगों का ईसीजी परीक्षण भी किया गया। जांच के बाद प्रतिभागियों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श देने के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए गए।
इस विशेष शिविर में बीडी पांडे जिला चिकित्सालय के वरिष्ठ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इनमें कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. सुधांशु सिंह, जनरल फिजिशियन डॉ. अभिषेक गुप्ता, जनरल सर्जन डॉ. शादन अली, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. दीपिका लोहानी, पैथोलॉजिस्ट डॉ. प्रियांशु और मनोचिकित्सक डॉ. गरिमा शामिल रहे। विशेषज्ञों ने हृदय रोग, सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं, नेत्र संबंधी बीमारियों और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में परामर्श प्रदान किया।
राज्यपाल ने कहा कि नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, संतुलित जीवनशैली और समय पर चिकित्सकीय सलाह गंभीर बीमारियों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि लोक भवन परिवार के प्रत्येक सदस्य का बेहतर स्वास्थ्य उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है और इसी उद्देश्य से भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।
इस अवसर पर बीडी पांडे जिला चिकित्सालय के उत्कृष्ट कार्य करने वाले सात चिकित्साकर्मियों को सम्मानित भी किया गया। राज्यपाल ने सभी चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की सेवा भावना एवं समर्पण की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।