देहरादून। जनपद देहरादून में विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अभियान के तहत मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। अभियान की प्रगति की समीक्षा के लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में जिला कार्यालय में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मतदाता गणना प्रपत्रों के वितरण, डिजिटाइजेशन कार्य और राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बीएलए-1 एवं बीएलए-2 की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित तरीके से पूरा करना प्रशासन और राजनीतिक दलों की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी दलों से मतदाताओं को जागरूक करने और समय पर गणना प्रपत्र भरने में सहयोग देने की अपील की।
प्रशासन ने जानकारी दी कि निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के तहत 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित कर रहे हैं। इसके बाद 14 जुलाई को प्रारूप निर्वाचक नामावली प्रकाशित की जाएगी, जबकि दावे और आपत्तियों के निस्तारण के बाद 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची जारी होगी।
जनपद में कुल 13,76,813 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें से 17 जून 2026 तक 13,52,297 मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं, जो कुल मतदाताओं का 98.22 प्रतिशत है। वहीं, 2,06,444 मतदाताओं का डिजिटाइजेशन कार्य भी पूरा कर लिया गया है।
विधानसभा क्षेत्रों में चकराता ने 99.46 प्रतिशत और मसूरी ने 99.83 प्रतिशत गणना प्रपत्र वितरण के साथ बेहतर प्रदर्शन किया है। जिले में 1,881 बीएलओ इस अभियान में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।
प्रशासन ने बताया कि जिन मतदाताओं को अभी तक प्रपत्र नहीं मिला है, उन्हें बीएलओ के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही, अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत या डुप्लीकेट प्रविष्टियों के सत्यापन की प्रक्रिया भी नियमानुसार जारी है। शिकायतों और जानकारी के लिए जिला मुख्यालय में हेल्प डेस्क और कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है।