धामी सरकार ने खोला विकास का खजाना, किन जिलों को मिली 105 करोड़ की सौगात?

 देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में विकास कार्यों को गति देने के लिए विभिन्न योजनाओं एवं निर्माण परियोजनाओं हेतु 105 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इस राशि का उपयोग कुंभ मेला-2027 की तैयारियों, सड़क निर्माण, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण, शहरी विकास और सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा जिले के भिकियासैंण स्थित हरूहीत मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार के लिए 93.36 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं, जिसमें पहली किस्त के रूप में 56 लाख रुपये जारी किए जाएंगे। वहीं, पौड़ी गढ़वाल के देवीखाल स्थित मां बाल कुँवारी माता मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 72.67 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।

श्रम न्यायालयों में महिलाओं, दिव्यांगजनों और ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के लिए पृथक शौचालय एवं अतिरिक्त कक्ष निर्माण हेतु देहरादून, काशीपुर और हरिद्वार में 1.41 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। रानीखेत विधानसभा क्षेत्र में पर्यटन विकास कार्यों के लिए भी 1.50 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।

नगर निगम कोटद्वार में एलईडी स्ट्रीट लाइट स्थापना के लिए 4.96 करोड़ रुपये तथा रामनगर दीवानी न्यायालय में न्यायिक कर्मचारियों के लिए भवन निर्माण हेतु धनराशि स्वीकृत की गई है। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत मायापुर में फायर स्टेशन के लिए 50 बिस्तरों वाले बैरक निर्माण को भी मंजूरी मिली है।

शहरी विकास विभाग के अंतर्गत पशु शवदाह गृह, लीगेसी वेस्ट निस्तारण, कूड़ा वाहन एवं उपकरणों की खरीद सहित विभिन्न नगर निकायों की परियोजनाओं के लिए 48.58 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

इसके अलावा रायपुर में आपदा प्रभावित मार्गों के पुनर्निर्माण, रुद्रपुर शहर में सड़क चौड़ीकरण, रुद्रप्रयाग में मोटर मार्ग डामरीकरण, लालकुआं में पैदल मार्ग सुधार, चम्पावत में सड़क सुदृढ़ीकरण तथा रामनगर क्षेत्र में महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं के लिए करोड़ों रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री की इस घोषणा से राज्य में आधारभूत ढांचे के विकास और जनसुविधाओं को नई गति मिलने की उम्मीद है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.