सीसीएल मुख्यालय से उठी स्वच्छता की नई मुहिम, 15 दिनों तक होंगे खास कार्यक्रम

रांची। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय में मंगलवार को स्वच्छता पखवाड़ा-2026 का शुभारंभ उत्साह और संकल्प के साथ किया गया। कार्यक्रम में सीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) निलेंदु कुमार सिंह सहित कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लेकर स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वच्छता शपथ के साथ हुई। सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए कहा कि स्वच्छता केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की व्यक्तिगत और सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण का निर्माण तभी संभव है, जब हर व्यक्ति इसे अपनी दिनचर्या और जीवनशैली का हिस्सा बनाए।

उन्होंने कर्मचारियों से अपने कार्यस्थलों, आवासीय परिसरों और आसपास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा रखने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि व्यवहार में बदलाव और जनभागीदारी के बिना स्वच्छ भारत का सपना साकार नहीं हो सकता। इसलिए स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ इसे नियमित आदत बनाना भी आवश्यक है।

सीसीएल प्रबंधन ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन की भावना के अनुरूप आगामी 15 दिनों तक मुख्यालय सहित कंपनी के सभी कोयला क्षेत्रों में विभिन्न स्वच्छता एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान सफाई अभियान, श्रमदान, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन, पौधारोपण, अस्पतालों और कार्यालय परिसरों की विशेष सफाई, स्कूलों और समुदायों में जागरूकता कार्यक्रम तथा स्वच्छता कर्मियों के सम्मान जैसे कई आयोजन किए जाएंगे।

अधिकारियों ने विश्वास जताया कि स्वच्छता पखवाड़ा के माध्यम से न केवल कर्मचारियों और उनके परिवारों में बल्कि स्थानीय समुदायों में भी स्वच्छता के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होगी। कार्यक्रम का समापन स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (तकनीकी/संचालन) चंद्र शेखर तिवारी, निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा, मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.