मतदाता सूची सत्यापन अभियान में शामिल हुए गणेश जोशी, जनता से की बड़ी अपील

 देहरादून। उत्तराखंड के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची में अपने नाम का सत्यापन कर प्रदेशवासियों से भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है। मंगलवार को अपने कैंप कार्यालय में उन्होंने निर्वाचन विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में आवश्यक विवरणों का अद्यतन कराया और बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) को संबंधित प्रपत्र सौंपा।

इस अवसर पर निर्वाचन विभाग की ओर से उन्हें विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत गणना प्रपत्र भी उपलब्ध कराया गया। कृषि मंत्री ने कहा कि मतदाता सूची में नाम और अन्य विवरणों का सही होना लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए बेहद आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से समय रहते अपने नाम, पते और अन्य आवश्यक जानकारियों का सत्यापन कराने का आग्रह किया।

गणेश जोशी ने कहा कि मतदान का अधिकार केवल एक संवैधानिक अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि एक जागरूक और जिम्मेदार मतदाता ही लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति होता है। इसलिए प्रत्येक पात्र नागरिक का दायित्व है कि वह मतदाता सूची में अपने नाम की पुष्टि करे और यदि कोई त्रुटि हो तो उसका समय पर संशोधन कराए।

कृषि मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र की सफलता और मजबूती नागरिकों की सहभागिता पर निर्भर करती है। मतदाता सूची का सही और अद्यतन होना निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया की आधारशिला है। उन्होंने प्रदेश के सभी मतदाताओं से अपील की कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का लाभ उठाते हुए अपने विवरणों को अद्यतन करें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने में योगदान दें।

उन्होंने कहा कि एक जागरूक मतदाता ही सशक्त लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। प्रत्येक मत देश और समाज के बेहतर भविष्य की दिशा तय करता है। गणेश जोशी ने प्रदेशवासियों से लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और एक सशक्त, समृद्ध एवं जागरूक भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.