देहरादून। नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों के प्रति समाज को जागरूक करने और युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से जनपद देहरादून में 17 जून से 26 जून 2026 तक विशेष ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ संचालित किया जाएगा। “नशा मुक्त भारत अभियान – विकसित भारत की पहचान” थीम पर आयोजित इस अभियान के तहत जिलेभर में विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार तथा समाज कल्याण विभाग, उत्तराखंड के निर्देशों के तहत चलाए जा रहे इस अभियान में विभिन्न विभागों, शैक्षणिक संस्थानों और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने बताया कि मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह के निर्देशानुसार जनपद के सभी विकासखंडों, पंचायत स्तर की बैठकों, बहुउद्देशीय शिविरों तथा विभिन्न संस्थानों में नशा मुक्ति से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के दौरान युवाओं और आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन शपथ ग्रहण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। 17 से 20 जून तक फुटबॉल, वॉलीबॉल और मैराथन प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें करीब 400 प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
इसके अलावा 21 से 26 जून तक विकासखंड स्तर पर रैलियां, वॉकाथॉन, दौड़ प्रतियोगिताएं, भाषण प्रतियोगिताएं, योग कार्यक्रम, हस्ताक्षर अभियान और नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों तक नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाना है।
अभियान के तहत राजकीय डॉ. भीमराव आंबेडकर बालक छात्रावास कंडोली, महिला आईटीआई परिसर, राजकीय नशा मुक्ति केंद्र रायवाला, सीआईएमएस एवं यूआईएचएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेज सहित कई संस्थानों में विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। साथ ही नशा प्रभावित और चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने सभी विभागों, सामाजिक संस्थाओं और युवाओं से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा है कि नशामुक्त समाज के निर्माण में जनसहयोग और जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।