पटना। बिहार पुलिस मद्य निषेध विभाग भर्ती परीक्षा से पहले पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर रविवार देर रात भारी हंगामा देखने को मिला। परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए पर्याप्त ट्रेन व्यवस्था नहीं होने और ट्रेनों के विलंब से चलने से नाराज हजारों अभ्यर्थियों का गुस्सा फूट पड़ा। देखते ही देखते स्टेशन परिसर और रेलवे ट्रैक प्रदर्शन का केंद्र बन गए, जिसके बाद हालात नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, विभिन्न जिलों में आयोजित होने वाली भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थी रात में ही पाटलिपुत्र स्टेशन पहुंच गए थे। अभ्यर्थियों का आरोप था कि परीक्षा को देखते हुए पर्याप्त विशेष ट्रेनों की व्यवस्था नहीं की गई, जिससे उन्हें परीक्षा छूटने का डर सताने लगा। इसी बीच कटिहार जाने वाली एग्जाम स्पेशल ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही अफरा-तफरी मच गई और कई छात्र रेलवे ट्रैक पर उतरकर प्रदर्शन करने लगे।
प्रदर्शनकारियों ने ट्रेनों को रोकने के साथ-साथ रेलवे प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। कुछ स्थानों पर पथराव और तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आईं। स्टेशन परिसर की दुकानों और एग्जाम स्पेशल ट्रेन के कुछ हिस्सों को नुकसान पहुंचाया गया। हालात बिगड़ते देख पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और छात्रों को समझाने का प्रयास किया।
पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन ने बताया कि प्रशासन ने छात्रों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने की अपील की थी। उन्होंने कहा कि पहले से दो स्पेशल ट्रेनें चलाई गई थीं और बाद में एक अतिरिक्त स्पेशल ट्रेन भी उपलब्ध कराई गई। इसके बावजूद कुछ उपद्रवी तत्वों ने लगातार हंगामा जारी रखा, जिसके कारण हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
रेल आईजी अमरेश कुमार के अनुसार, स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया। घटना में आईजी जितेंद्र राणा सहित छह पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि लगभग 500 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है। प्रशासन का कहना है कि सभी आवश्यक ट्रेनें रवाना कर दी गई हैं और परीक्षा देने वाले अधिकांश अभ्यर्थी अपने गंतव्य की ओर भेज दिए गए हैं।