रुद्रप्रयाग। प्रदेश के कृषि एवं जनपद प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को विकासखंड सभागार, जखोली में आयोजित जनकल्याण शिविर एवं संवाद कार्यक्रम में भाग लेकर क्षेत्रीय जनता की समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम की शुरुआत “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण से की गई। इसके बाद आयोजित जनकल्याण एवं बहुद्देशीय सेवा शिविर में मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति और लाभार्थियों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।
शिविर में क्षेत्र के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी समस्याएं सीधे प्रभारी मंत्री के समक्ष रखीं। कुल 40 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 30 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गणेश जोशी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जनकल्याण शिविरों के माध्यम से सरकार जनता के द्वार पहुंच रही है, जिससे लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते।
शिविर के दौरान नंदवाण गांव के ग्रामीणों ने बंद नालियों के कारण बरसात का पानी खेतों और घरों में घुसने की समस्या उठाई। वहीं क्षेत्र पंचायत सदस्य ललिता देवी ने भारी वर्षा से क्षतिग्रस्त सड़कों और नालियों के पुनर्निर्माण की मांग की। मयाली बाजार क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय और नाली निर्माण की आवश्यकता को लेकर भी स्थानीय प्रतिनिधियों ने मांग रखी।
बरसिर गांव के निवासी सुंदर सिंह रावत ने गांव में नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं होने की समस्या से मंत्री को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों को लंबे समय से पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है और इसके स्थायी समाधान की आवश्यकता है।
प्रभारी मंत्री ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, ब्लॉक प्रमुख विनीता चमोली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।