PM मोदी की अहम बैठक में शामिल होंगे हेमंत सोरेन, विकसित भारत एजेंडे पर झारखंड की क्या होगी रणनीति?

रांची। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में 11 जून को नई दिल्ली में आयोजित होने वाली नीति आयोग की 11वीं गवर्निंग काउंसिल (शासी परिषद) की महत्वपूर्ण बैठक में भाग लेने के लिए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बुधवार को दिल्ली रवाना हो गए। देश के विकास और राज्यों की प्राथमिकताओं से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर होने वाली इस बैठक को लेकर झारखंड सरकार ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

जानकारी के अनुसार, नीति आयोग की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) निधि छिब्बर ने झारखंड के मुख्य सचिव अविनाश कुमार को पत्र भेजकर बैठक के एजेंडे और प्रमुख विषयों की जानकारी दी है। इस बार बैठक का मुख्य विषय “विकसित भारत के लिए मानव पूंजी” रखा गया है। इसके तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, रोजगार सृजन और मानव संसाधन विकास से जुड़े विषयों पर व्यापक चर्चा की जाएगी।

बैठक में दिसंबर 2025 में आयोजित मुख्य सचिवों के पांचवें राष्ट्रीय सम्मेलन में तय की गई प्राथमिकताओं और सिफारिशों की भी समीक्षा की जाएगी। विभिन्न राज्यों के अनुभवों और सुझावों के आधार पर विकास योजनाओं को और प्रभावी बनाने पर विचार-विमर्श होगा।

नीति आयोग के उपाध्यक्ष की ओर से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को बैठक में भाग लेने के लिए विशेष आमंत्रण भेजा गया है। मुख्यमंत्री के साथ राज्य के कई वरिष्ठ अधिकारी भी इस महत्वपूर्ण बैठक में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। सरकार ने अधिकारियों की सूची अंतिम रूप देकर नीति आयोग को भेज दी है।

बैठक में झारखंड के मुख्य सचिव अविनाश कुमार, योजना एवं विकास विभाग के सचिव मुकेश कुमार, दिल्ली स्थित रेसिडेंट कमिश्नर अरवा राजकमल तथा योजना एवं विकास विभाग की अपर सचिव विजया जाधव शामिल होंगी। यह प्रतिनिधिमंडल राज्य की विकास योजनाओं, चुनौतियों और अपेक्षाओं को केंद्र सरकार एवं नीति आयोग के समक्ष रखेगा।

राज्य सरकार को उम्मीद है कि इस बैठक के माध्यम से झारखंड के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर सकारात्मक पहल होगी और केंद्र-राज्य समन्वय को और मजबूती मिलेगी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.