रांची। झारखंड सरकार ने राज्य सूचना आयोग में सूचना आयुक्तों की नियुक्ति को लेकर बहुप्रतीक्षित अधिसूचना बुधवार को जारी कर दी। मुख्य सचिव अविनाश कुमार के हस्ताक्षर से जारी अधिसूचना के अनुसार राज्यपाल ने सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 की धारा 15(3) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए चार व्यक्तियों को सूचना आयुक्त नियुक्त किया है।
जारी अधिसूचना के अनुसार अनुज कुमार सिन्हा, तनुज खत्री, अमुल्य नीरज खलखो और शिवपूजन पाठक को राज्य सूचना आयोग में सूचना आयुक्त के पद पर नियुक्त किया गया है। इन नियुक्तियों के बाद राज्य सूचना आयोग की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी तथा सशक्त बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।
सरकारी अधिसूचना में बताया गया है कि नियुक्ति प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की गई है। सूचना आयुक्तों की जिम्मेदारी सूचना के अधिकार अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना, सूचना संबंधी अपीलों और शिकायतों का निपटारा करना तथा पारदर्शी प्रशासन को बढ़ावा देना होगी।
उल्लेखनीय है कि सूचना आयोग नागरिकों को सूचना प्राप्त करने के अधिकार को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। नए सूचना आयुक्तों की नियुक्ति से लंबित मामलों के निस्तारण में तेजी आने और आयोग की कार्यक्षमता बढ़ने की संभावना है।
राज्य सरकार के इस निर्णय को प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नियुक्त किए गए सभी सूचना आयुक्त जल्द ही अपना कार्यभार ग्रहण करेंगे।