CCL Piparwar में 38 शिकायतें पहुंचीं शिविर में, कई मामलों का मौके पर हुआ समाधान, आखिर क्या थीं प्रमुख समस्याएं?

रांची/पिपरवार। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के निदेशालय (मानव संसाधन प्रबंधन) के तत्वावधान में पिपरवार क्षेत्र में बुधवार को शिकायत निवारण शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य कर्मचारियों, पूर्व कर्मचारियों, उनके आश्रितों, ठेकेदारों एवं अन्य हितधारकों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना था।

शिविर की अध्यक्षता महाप्रबंधक (समाधान प्रकोष्ठ) श्रीमती सुमन रस्तोगी ने की। इस दौरान मुख्य प्रबंधक (मानव संसाधन) समाधान प्रकोष्ठ श्री गौतम चौधरी, मुख्य प्रबंधक (मानव संसाधन) श्री तेजविंदर सिंह, स्टाफ अधिकारी (मानव संसाधन), पिपरवार क्षेत्र के अधिकारी, सिविल विभाग, खनन विभाग के प्रतिनिधि तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

सुबह 11 बजे से अपराह्न 3:30 बजे तक आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में कर्मचारियों, सेवानिवृत्त कर्मियों, उनके आश्रितों और अन्य हितधारकों ने भाग लिया। शिविर के दौरान कुल 38 शिकायतें दर्ज की गईं। प्राप्त शिकायतों में आवास (क्वार्टर) अनुरक्षण, अनुकम्पा नियुक्ति, सीएमपीएफ से जुड़े ऑनलाइन डाटा अद्यतन, सेवा संबंधी मामलों तथा अन्य प्रशासनिक समस्याओं से जुड़े विषय प्रमुख रहे।

शिविर में आए सभी लोगों को अपनी समस्याएं, सुझाव और मांगें सीधे अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर दिया गया। शिकायतों का विधिवत पंजीकरण किया गया और कई मामलों में मौके पर ही संबंधित व्यक्तियों को आवश्यक जानकारी एवं समाधान उपलब्ध कराया गया। वहीं जिन मामलों का तत्काल निस्तारण संभव नहीं था, उन्हें नियमानुसार प्रक्रिया में लेते हुए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया।

सीसीएल प्रबंधन के अनुसार इस प्रकार के शिकायत निवारण शिविर कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे न केवल समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया तेज होती है, बल्कि संगठन में पारदर्शिता और जवाबदेही भी मजबूत होती है।

पिपरवार क्षेत्र में आयोजित यह शिविर कर्मचारियों और हितधारकों के लिए एक प्रभावी मंच साबित हुआ। कार्यक्रम ने त्वरित शिकायत निवारण, पारदर्शी प्रशासन और कर्मचारी कल्याण के प्रति सीसीएल की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया। प्रबंधन ने भविष्य में भी इस तरह के जनहित एवं कर्मचारी हित से जुड़े कार्यक्रमों के आयोजन की प्रतिबद्धता दोहराई।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.