देहरादून में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शुक्रवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक कर अभियान की रूपरेखा साझा की। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से 7 जून तक प्रत्येक मतदान केंद्र पर अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) नियुक्त करने की अपील की, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य पूरी पारदर्शिता और सटीकता के साथ पूरा किया जा सके।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण और संग्रहण करेंगे। इस दौरान यदि किसी घर में पहली बार संपर्क के समय ताला बंद मिलता है तो बीएलओ तीन बार पुनः वहां पहुंचकर जानकारी जुटाने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान कर एएसडी सूची तैयार की जाएगी। इस सूची को पंचायत भवनों, नगर निकायों और संबंधित वेबसाइटों पर सार्वजनिक किया जाएगा। साथ ही राजनीतिक दलों को भी इसकी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे मतदाता सूची को अधिक शुद्ध और अद्यतन बनाया जा सके।
बैठक में बताया गया कि जनपद की 10 विधानसभा सीटों के 1,882 मतदान केंद्रों में भारतीय जनता पार्टी ने 1,839, कांग्रेस ने 1,717 और सीपीआई (एम) ने 378 बीएलए-2 नियुक्त किए हैं। अन्य राजनीतिक दलों को भी जल्द अपने प्रतिनिधि नामित करने को कहा गया है।
डॉ. चौहान ने बताया कि 14 जुलाई को मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी तथा 11 सितंबर तक उनका निस्तारण किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची 15 सितंबर 2026 को प्रकाशित होगी।
उन्होंने बताया कि 1 जुलाई 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र युवा भी अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे। निर्वाचन आयोग की ईसीआई-नेट सेवा और टोल फ्री नंबर 1950 के माध्यम से मतदाता संबंधित सभी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।