कार्लीगाड़ पहुंचे मंत्री गणेश जोशी, अधिकारियों को दिए 15 दिन में मलबा हटाने के सख्त निर्देश

 देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने मानसून से पहले आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत और पुनर्वास कार्यों को तेज करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र के कार्लीगाड़ क्षेत्र का दौरा कर आपदा राहत कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर चल रहे मलबा हटाने और सुरक्षा संबंधी कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कार्लीगाड़ क्षेत्र में आपदा के कारण जमा हुए भारी मात्रा में मलबे को आगामी 15 दिनों के भीतर पूरी तरह हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिलाधिकारी देहरादून को स्पष्ट रूप से कहा कि भविष्य में किसी भी प्रकार की क्षति को रोकने के लिए मलबे का वैज्ञानिक तरीके से चैनलाइजेशन किया जाए, ताकि बारिश के दौरान जल निकासी प्रभावित न हो और आसपास के क्षेत्रों को नुकसान से बचाया जा सके।

गणेश जोशी ने आपदा प्रभावित परिवारों के सुरक्षित पुनर्वास पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि कार्लीगाड़ और अन्य प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों के पुनर्वास के लिए शीघ्र प्रस्ताव तैयार किया जाए। जोखिम वाले इलाकों में निवास कर रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा गया।

कैबिनेट मंत्री ने कार्लीगाड़, शेरा गांव और अन्य प्रभावित क्षेत्रों में स्थायी सुरक्षा कार्यों को जल्द शुरू करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रभावित लोगों के साथ पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है तथा उनकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मानसून शुरू होने से पहले सभी आवश्यक सुरक्षा, राहत और पुनर्वास कार्यों को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि समय रहते प्रभावी कदम उठाने से भविष्य में संभावित नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

इस दौरान जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, ग्राम प्रधान राकेश जवाड़ी सहित वन, लोक निर्माण, विद्युत, जल संस्थान, जल निगम, सिंचाई और पीएमजीएसवाई विभाग के अधिकारी तथा स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.