खान सर के कोचिंग सेंटर पर हमले के बाद फूटा छात्रों का गुस्सा, सड़क पर उतरे सैकड़ों छात्र

 पटना,  चर्चित शिक्षक खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर हुई तोड़फोड़ और मारपीट की घटना के बाद बुधवार को पटना में छात्रों का आक्रोश खुलकर सामने आया। सैकड़ों छात्र-छात्राएं खान सर के आवास के बाहर सड़क पर बैठ गए और घटना के विरोध में प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के कारण इलाके में यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई और सड़क पर लंबा जाम लग गया।

स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मौके पर अतिरिक्त बल तैनात किया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कोचिंग सेंटर पर हुए हमले को लेकर नाराजगी जताई और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। कई छात्र-छात्राओं का कहना था कि उनके शिक्षक की सुरक्षा से जुड़ा यह मामला बेहद गंभीर है और इसकी पूरी सच्चाई सामने आनी चाहिए।

इस बीच खान सर अपने घर की बालकनी में आए और छात्रों से शांतिपूर्ण तरीके से घर लौटने की अपील की। उन्होंने हाथ जोड़कर कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। खान सर ने बताया कि घटना के बाद पूरी रात पुलिस कोचिंग सेंटर के बाहर तैनात रही और कुछ संदिग्धों को हिरासत में भी लिया गया है।

हालांकि, खान सर की अपील का छात्रों पर तत्काल असर नहीं दिखा। प्रदर्शन में शामिल कई छात्राओं ने कहा कि वे अपने शिक्षक के समर्थन में खड़ी हैं और जब तक उन्हें घटना के संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं मिलेगी, तब तक विरोध जारी रहेगा। छात्रों का कहना था कि यह जानना जरूरी है कि कोचिंग सेंटर पर हमला कैसे और किन लोगों ने किया।

गौरतलब है कि मंगलवार देर रात कदमकुआं थाना क्षेत्र के मुसल्लहपुर हाट स्थित कोचिंग सेंटर के बाहर कुछ असामाजिक तत्वों ने कथित तौर पर तोड़फोड़ की थी। आरोप है कि हमलावरों ने पोस्टर फाड़े और विरोध करने पर सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गया।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। खान सर ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि उन्हें पहले भी धमकियां मिल चुकी हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.