तिरुपति प्रसाद घी घोटाले में ईडी का बड़ा एक्शन, 15 शहरों में छापे के बाद चौंकाने वाले खुलासे

 नई दिल्ली,  तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के प्रसिद्ध प्रसादम् में इस्तेमाल किए जाने वाले घी की कथित मिलावट से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को देशव्यापी कार्रवाई करते हुए 15 स्थानों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान 60 लाख रुपये नकद बरामद किए गए, जबकि जांच में 45 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियों में कथित तौर पर अपराध की आय निवेश किए जाने का खुलासा हुआ है।

ईडी के अनुसार यह छापेमारी महाराष्ट्र के आहिल्यानगर और मुंबई, राजस्थान के बीकानेर, उत्तराखंड के देहरादून और रुड़की, दिल्ली, तमिलनाडु के डिंडीगुल तथा आंध्र प्रदेश के गुंटूर समेत विभिन्न स्थानों पर की गई। जांच एजेंसी ने कई आरोपितों के आवासीय और व्यावसायिक परिसरों की तलाशी ली। इनमें पोमिल जैन, विपिन जैन, राजू राजशेखरन, राजेश मंसुखलाल छावड़ा, अपूर्व विनयकंठ छावड़ा, मचींद्र शंकरराव लंके, अजय कुमार सुगंध, महेश कुमार रोहिरा और आशीष अग्रवाल शामिल हैं।

इसके अलावा एआर डेयरी फूड प्राइवेट लिमिटेड, मालगंगा मिल्क एंड एग्रो प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड तथा भोले बाबा ऑर्गेनिक डेयरी मिल्क प्राइवेट लिमिटेड के डेयरी संयंत्रों पर भी छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और वित्तीय रिकॉर्ड बरामद हुए हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुछ आरोपितों ने कथित रूप से टीटीडी के कुछ अधिकारियों के साथ मिलीभगत कर मिलावटी घी की आपूर्ति की। इस कथित धोखाधड़ी से मंदिर ट्रस्ट को आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया। ईडी का दावा है कि अवैध रूप से अर्जित धन को छिपाने के लिए कई कंपनियों और कानूनी संस्थाओं के जटिल नेटवर्क का इस्तेमाल किया गया तथा बाद में इस राशि को विभिन्न अचल संपत्तियों में निवेश कर दिया गया।

ईडी ने कहा है कि मामले की जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में इस घोटाले से जुड़े अन्य वित्तीय लेन-देन तथा संभावित आरोपितों की भूमिका की भी गहन जांच की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.