After Header-1

ड्रोन से आ रही थी हेरोइन और हथियारों की खेप, अमृतसर पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

 अमृतसर,  पंजाब में सीमा पार से संचालित मादक पदार्थ और हथियार तस्करी के नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 2.225 किलोग्राम हेरोइन, छह अत्याधुनिक विदेशी पिस्तौल और 12 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस कार्रवाई को सीमा पार से संचालित तस्करी मॉड्यूल के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बुधवार को बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान अमृतसर जिले के गांव चीचा निवासी सुखदेव सिंह उर्फ सुख और गांव लोधी गुज्जर निवासी हरजिंदर सिंह उर्फ जिंदर के रूप में हुई है। दोनों आरोपितों के खिलाफ पहले भी अपहरण और अवैध हथियार रखने जैसे गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

बरामद हथियारों में चीन निर्मित एक .30 बोर पिस्तौल, ऑस्ट्रिया निर्मित दो 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल, अमेरिका निर्मित एक 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल तथा तुर्की निर्मित दो .30 बोर पिस्तौल शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपित सीमा पार बैठे तस्करों के संपर्क में थे और ड्रोन के जरिए भेजी गई हेरोइन व हथियारों की खेप को प्राप्त कर पंजाब में आपराधिक गिरोहों तक पहुंचाने का काम करते थे।

पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पहले सुखदेव सिंह को 2.225 किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर हरजिंदर सिंह को भी गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से चार पिस्तौल बरामद हुईं। बाद में उसकी निशानदेही पर दो और पिस्तौल बरामद की गईं।

पुलिस के अनुसार सुखदेव पहले से ही एक मामले में वांछित था, जिसमें उसके चार साथियों को सात पिस्तौल और 12 कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले में एनडीपीएस एक्ट और शस्त्र अधिनियम के तहत अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.