डॉ. धन सिंह रावत ने श्रीनगर क्षेत्र को दी बड़ी सौगात, करोड़ों की विकास योजनाओं का शुभारंभ

 श्रीनगर/देहरादून। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अपने विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर के खिर्सू और पाबौ क्षेत्र में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर क्षेत्रवासियों को महत्वपूर्ण सौगातें दीं। इस दौरान उन्होंने सड़क संपर्क, पर्यटन विकास और जनसुविधाओं से जुड़ी कई योजनाओं का शुभारंभ किया।

डॉ. रावत ने खिर्सू क्षेत्र के ग्राम उल्ली में पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए 5 लाख रुपये की लागत से बनने वाले यात्री प्रतीक्षालय का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

इसके बाद उन्होंने पाबौ क्षेत्र में थानधार से उल्ली तक 2 किलोमीटर लंबे मोटर मार्ग का लोकार्पण किया। 58.22 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस सड़क परियोजना से ग्रामीण क्षेत्रों की संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी और लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि सड़क विकास किसी भी क्षेत्र की प्रगति का आधार होता है और सरकार दूरस्थ क्षेत्रों तक बेहतर कनेक्टिविटी पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

कैबिनेट मंत्री ने खिर्सू-माण्डाखाल मोटर मार्ग के मध्य बिडोली मार्ग पर निर्मित व्यूप्वाइंट का भी लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि यह व्यूप्वाइंट पर्यटकों को प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने के साथ सुरक्षित विश्राम की सुविधा प्रदान करेगा। इससे स्थानीय पर्यटन को नई पहचान मिलेगी और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन अवसंरचना को मजबूत करने, ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई दिशा मिलेगी तथा स्थानीय जनता और पर्यटकों को दीर्घकालिक लाभ प्राप्त होगा।

कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.