अमेरिका में ‘ऑपरेशन चेकमेट’ से मचा हड़कंप, बड़ी संख्या में भारतीय ड्राइवर हिरासत में

 वाशिंगटन। अमेरिका में अवैध प्रवासियों और बिना वैध दस्तावेजों के कमर्शियल वाहन चलाने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन चेकमेट” के तहत बड़ी कार्रवाई सामने आई है। अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों ने एरिजोना राज्य में अभियान चलाकर 52 लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें बड़ी संख्या भारतीय नागरिकों की बताई जा रही है।

अमेरिकी कस्टम एंड बॉर्डर प्रोटेक्शन (सीबीपी) के अनुसार यह अभियान 11 मई से 15 मई के बीच एरिजोना के युमा सेक्टर में चलाया गया। जांच के दौरान 36 ऐसे लोगों की पहचान हुई जो अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे थे और भारी कमर्शियल सेमी-ट्रक चला रहे थे। अधिकारियों के मुताबिक इनमें से लगभग 30 लोग भारतीय नागरिक हैं, जबकि अन्य मैक्सिको, अल साल्वाडोर और रूस के निवासी बताए गए हैं।

जांच में यह भी सामने आया कि कुछ ड्राइवरों के पास अमेरिका के विभिन्न राज्यों से जारी कमर्शियल ड्राइविंग लाइसेंस थे, जबकि कई लोगों के पास कोई वैध लाइसेंस या आवश्यक दस्तावेज नहीं पाए गए। कई गिरफ्तार व्यक्तियों के पास पूर्व में जारी रोजगार अनुमति दस्तावेज भी मिले, लेकिन उनकी वैधता समाप्त हो चुकी थी। ऐसे में वे अमेरिकी कानून के तहत अवैध स्थिति में माने गए।

अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करना और बिना योग्यता या वैध दस्तावेजों के भारी वाहन चला रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करना है। युमा सेक्टर के कार्यवाहक मुख्य गश्ती एजेंट डस्टिन कॉडल ने कहा कि सड़क सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता और ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

हाल के वर्षों में अमेरिका में कमर्शियल वाहनों से जुड़े कई गंभीर सड़क हादसों के बाद प्रशासन ने नियमों को और सख्त किया है। इसी क्रम में ट्रंप प्रशासन अवैध इमिग्रेशन और गैरकानूनी रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ व्यापक अभियान चला रहा है।

अब हिरासत में लिए गए भारतीय नागरिकों सहित अन्य लोगों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू की जा रही है। अमेरिकी प्रशासन उनके इमिग्रेशन रिकॉर्ड और दस्तावेजों की समीक्षा कर रहा है, जिसके बाद डिपोर्टेशन यानी देश निकाले की कार्रवाई आगे बढ़ सकती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.