गंगोत्री तक सफर होगा आसान! ऑल वेदर रोड परियोजना को लेकर तेज हुई मांग

 उत्तरकाशी। गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र के विकास और चारधाम यात्रा को अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनाने की दिशा में उत्तरकाशी-भटवाड़ी-गंगोत्री ऑल वेदर रोड परियोजना को लेकर एक बार फिर आवाज बुलंद हुई है। गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र की लोकप्रिय निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख विनीता रावत ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग राज्य मंत्री अजय भट्ट को पत्र भेजकर इस महत्वपूर्ण परियोजना का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की है।

विनीता रावत ने अपने पत्र में कहा कि उत्तरकाशी से भटवाड़ी होते हुए गंगोत्री धाम तक प्रस्तावित ऑल वेदर रोड केवल एक सड़क परियोजना नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट चारधाम ऑल वेदर रोड योजना का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह परियोजना क्षेत्र के विकास, पर्यटन विस्तार और यात्रियों की सुरक्षा के लिए बेहद आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि हर वर्ष लाखों श्रद्धालु गंगोत्री धाम के दर्शन के लिए देश-विदेश से पहुंचते हैं। वर्तमान में पहाड़ी मार्गों पर मौसम की मार और भूस्खलन जैसी समस्याओं के कारण यात्रियों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऑल वेदर रोड बनने से यात्रा अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और समयबद्ध हो सकेगी।

विनीता रावत ने बताया कि इस परियोजना से केवल तीर्थयात्रियों को ही लाभ नहीं मिलेगा, बल्कि स्थानीय लोगों के जीवन में भी बड़ा बदलाव आएगा। बेहतर सड़क संपर्क से व्यापार, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को नई गति मिलेगी। विद्यार्थियों, व्यापारियों, किसानों और मरीजों को आवागमन में राहत मिलेगी तथा क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्राप्त होगी।

इस संबंध में केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट ने भी परियोजना को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से चर्चा की है। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना का निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाना चाहिए। आगामी चारधाम यात्रा सीजन और क्षेत्रीय विकास की आवश्यकताओं को देखते हुए इस मार्ग का निर्माण अत्यंत महत्वपूर्ण है।

स्थानीय लोगों का मानना है कि उत्तरकाशी-भटवाड़ी-गंगोत्री ऑल वेदर रोड परियोजना के पूरा होने से गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र में विकास के नए द्वार खुलेंगे और यह परियोजना क्षेत्र के लिए किसी वरदान से कम साबित नहीं होगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.