After Header-1

किम जोंग उन ने दिखाया ताकत का नया नमूना, AI मिसाइल टेस्ट से बढ़ी दुनिया की चिंता

सोल। उत्तर कोरिया ने एक बार फिर अपनी सैन्य ताकत का प्रदर्शन करते हुए नए हल्के बहुउद्देश्यीय मिसाइल लॉन्चिंग सिस्टम और कई सामरिक क्रूज मिसाइलों का सफल परीक्षण किया है। दावा किया जा रहा है कि ये आधुनिक मिसाइलें दुश्मन के एयर डिफेंस सिस्टम को चकमा देने में सक्षम हैं। इस परीक्षण को प्योंगयांग के लगातार जारी हथियार आधुनिकीकरण कार्यक्रम का हिस्सा माना जा रहा है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इससे एक दिन पहले दक्षिण कोरिया की सेना ने उत्तर कोरिया के नॉर्थ प्योंगान प्रांत के जोंगजू क्षेत्र से पीला सागर की ओर कई कम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलें और आर्टिलरी रॉकेट दागे जाने का पता लगाया था। बताया जा रहा है कि यह परीक्षण उत्तर कोरिया की “राष्ट्रीय रक्षा विकास की पांच वर्षीय योजना” के तहत किया गया।

रिपोर्ट के मुताबिक, परीक्षण के दौरान सामरिक बैलिस्टिक मिसाइलों के विशेष वारहेड, 240 मिमी नियंत्रित आर्टिलरी रॉकेट की क्षमता और एआई-आधारित मार्गदर्शन प्रणाली से लैस नई सामरिक क्रूज मिसाइल की सटीकता का मूल्यांकन किया गया। नई क्रूज मिसाइल में टेरेन-मैपिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित टारगेटिंग तकनीक का उपयोग किया गया है, जिससे यह 100 किलोमीटर के भीतर किसी भी लक्ष्य को बेहद सटीकता से निशाना बना सकती है।

किम जोंग उन ने इस परीक्षण पर संतोष जताते हुए इसे देश की बढ़ती सैन्य क्षमता और तकनीकी प्रगति का बड़ा संकेत बताया। उन्होंने कहा कि उत्तर कोरिया अपनी सैन्य संप्रभुता और आत्मरक्षा को मजबूत करने के लिए परमाणु और पारंपरिक हथियारों के विकास की नीति जारी रखेगा।

विशेषज्ञों का मानना है कि कम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलों और आर्टिलरी रॉकेटों का एक साथ परीक्षण असामान्य है और यह दुश्मन की एयर डिफेंस प्रणाली को भेदने की क्षमता का प्रदर्शन हो सकता है।

इस बीच दक्षिण कोरिया ने भी परमाणु ऊर्जा से चलने वाली पनडुब्बियां विकसित करने की योजना का ऐलान किया है, जिन्हें 2030 के दशक के अंत तक सेना में शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.