पद्मनाभस्वामी मंदिर से गायब हुआ बेशकीमती हीरे का आभूषण, सुरक्षा पर बड़ा सवाल

तिरुवनंतपुरम। केरल के प्रसिद्ध श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर से जुड़ी एक चौंकाने वाली खबर ने देशभर में हलचल मचा दी है। दुनिया के सबसे अमीर और रहस्यमयी मंदिरों में गिने जाने वाले इस ऐतिहासिक मंदिर से एक बेहद कीमती हीरे का आभूषण पिछले छह महीनों से गायब बताया जा रहा है। इसके अलावा, श्रद्धालुओं द्वारा दान किए गए करीब 78 ग्राम सोने का भी कोई स्पष्ट रिकॉर्ड नहीं मिल पाया है।

मामला तब और गंभीर हो गया जब पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) की हालिया रिपोर्ट में मंदिर की सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ी गड़बड़ियों का खुलासा हुआ। रिपोर्ट के अनुसार, ‘वैर नाम’ नामक दुर्लभ हीरे के आभूषण को मरम्मत के लिए बाहर भेजा गया था, लेकिन वह अब तक वापस नहीं लौटा। इसी तरह मंदिर का एक पारंपरिक सोने का दीपक भी रिपेयर के नाम पर बाहर गया और महीनों बाद भी उसका कोई पता नहीं है।

रिपोर्ट में मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था और रिकॉर्ड प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, मंदिर के रिकॉर्ड और वास्तविक संपत्ति के बीच बड़ा अंतर पाया गया है, जिससे प्रशासनिक लापरवाही या आंतरिक मिलीभगत की आशंका जताई जा रही है।

डीजीपी ने राज्य सरकार को सुझाव दिया है कि मंदिर के सभी कीमती सामानों को तुरंत हाई-सिक्योरिटी स्ट्रॉन्ग रूम में स्थानांतरित किया जाए। साथ ही भविष्य में मिलने वाले दान और बहुमूल्य वस्तुओं की डिजिटल रिकॉर्डिंग तथा पुलिस निगरानी अनिवार्य की जाए।

रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि मार्च महीने के बाद से मंदिर में किसी पूर्णकालिक एग्जीक्यूटिव ऑफिसर की नियुक्ति नहीं हुई है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इतने संवेदनशील और ऐतिहासिक स्थल पर सुरक्षा जांच को और अधिक सख्त करने की जरूरत है।

अब इस खुलासे के बाद राज्य सरकार पर मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने का दबाव बढ़ गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.