महाबलेश्वर में दर्दनाक हादसा, 800 फीट गहरी खाई में गिरी स्कॉर्पियो

महाराष्ट्र के Mahabaleshwar में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पोलादपुर-आंबेनळी घाट मार्ग पर एक स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर करीब 800 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि वाहन में सवार सभी आठ लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दुर्घटना देर रात उस समय हुई जब स्कॉर्पियो घाट मार्ग से गुजर रही थी। अचानक वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और कार सीधे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय अंधेरा होने और घाट क्षेत्र का रास्ता बेहद दुर्गम होने के कारण बचाव अभियान में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय प्रशासन और महाबलेश्वर ट्रैकर्स की टीम मौके पर पहुंची। सुबह करीब छह बजे से चार अलग-अलग रेस्क्यू टीमें युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। प्रशासन लगातार घटनास्थल पर मौजूद रहकर अभियान की निगरानी कर रहा है।

बताया जा रहा है कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग सातारा जिले के कोरेगांव तहसील स्थित आसगांव गांव के निवासी थे। मृतकों में महेश अनिल पवार (25), आदित्य अशोक सालुंखे (21), रितेश राजेंद्र लोखंडे (25), सुहास जितेंद्र लोखंडे (20), अंश समीर चव्हाण (18), उत्कर्ष आनंद शिंगटे (21), अनिल अभिमन्यू शिंगटे (25) और नितीन किसन नायकोंडे (35) शामिल हैं।

फिलहाल पुलिस हादसे की असली वजह का पता लगाने में जुटी है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि घाट मार्ग के खतरनाक मोड़, रात का अंधेरा या वाहन का संतुलन बिगड़ना दुर्घटना का कारण हो सकता है। अधिकारियों ने बताया कि मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और स्थानीय लोग भी बचाव कार्य में प्रशासन की मदद कर रहे हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.