देहरादून। सविन बंसल के नेतृत्व में जिला प्रशासन जरूरतमंद और संकटग्रस्त परिवारों के लिए संवेदनशील पहल करते हुए लगातार राहत पहुंचा रहा है। प्रशासन की इसी मानवीय कार्यशैली के तहत डोईवाला निवासी कैंसर पीड़ित विधवा महिला सुनीता कलवार को आर्थिक सहायता, बच्चों की शिक्षा और उपचार के लिए महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया गया है।
सुनीता कलवार ने जिलाधिकारी के समक्ष अपनी समस्याएं रखते हुए बताया कि वह एकल महिला हैं और कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं। पति के निधन के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर हो गई थी, जिससे उनके सामने इलाज और बच्चों की पढ़ाई जारी रखना बड़ी चुनौती बन गया था। उन्होंने अपने बच्चों की शिक्षा बाधित न हो, इसके लिए फीस माफी और आर्थिक सहयोग की मांग की थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए सविन बंसल ने तत्काल अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जिला प्रशासन द्वारा रायफल क्लब फंड से सुनीता कलवार को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई। इसके साथ ही उनके पुत्र का स्कूल में दाखिला सुनिश्चित किया गया, जबकि उनकी पुत्री की रुकी हुई पढ़ाई को जिला प्रशासन की महत्वाकांक्षी पहल प्रोजेक्ट नंदा-सुनंदा के माध्यम से दोबारा शुरू कराया गया।
जानकारी के अनुसार, सुनीता कलवार का कैंसर ऑपरेशन 11 जुलाई 2024 को जौलीग्रांट स्थित अस्पताल में हुआ था और वर्तमान में उनका उपचार जारी है। इलाज के दौरान आर्थिक और सामाजिक परेशानियों से जूझ रहे परिवार को जिला प्रशासन ने न केवल आर्थिक मदद दी, बल्कि मानसिक और सामाजिक सहयोग भी प्रदान किया।
जिला प्रशासन ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में भी कई जरूरतमंद परिवारों को लाखों रुपये की सहायता, बैंक ऋण राहत, चिकित्सा सहयोग और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। वहीं प्रोजेक्ट नंदा-सुनंदा के माध्यम से सैकड़ों जरूरतमंद बालिकाओं की शिक्षा को दोबारा शुरू कर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है।
प्रशासन की यह पहल सरकार की जनकल्याणकारी और संवेदनशील सोच का उदाहरण मानी जा रही है, जिसका उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।