देहरादून। सविन बंसल के निर्देश पर आयोजित जनता दरबार में सोमवार को जनसमस्याओं का बड़ा अंबार देखने को मिला। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनसुनवाई में भूमि विवाद, पारिवारिक उत्पीड़न, अवैध कब्जा, सामाजिक सुरक्षा, विद्युत सुरक्षा और पेयजल जैसी समस्याओं से जुड़ी कुल 201 शिकायतें दर्ज की गईं। जनता दरबार की अध्यक्षता संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद ने की।
जनसुनवाई के दौरान सबसे ज्यादा भावुक करने वाले मामले बुजुर्गों के उत्पीड़न और संपत्ति विवाद से जुड़े सामने आए। कैंसर से पीड़ित 80 वर्षीय किस्मत सिंह ने अपनी बेटी और दामाद पर धोखाधड़ी से जमीन और मकान अपने नाम कराने तथा मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया। वहीं बीमार बुजुर्ग घनश्याम भंडारी ने अपने बड़े बेटे पर दुकान और मकान कब्जाने की कोशिश करने की शिकायत की।
प्रशासन ने दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को तत्काल कानूनी सहायता और राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा आमवाला निवासी 61 वर्षीय विधवा मुन्नी देवी ने बेटे-बहू पर मारपीट और घर से निकालने का आरोप लगाया, जिस पर एसडीएम को भरण-पोषण अधिनियम के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
जनता दरबार में बिजली और सुरक्षा से जुड़े कई मामले भी सामने आए। ग्राम खाला क्षेत्र में भूस्खलन के कारण झुके हाईटेंशन बिजली खंभों से खतरे की शिकायत पर विद्युत विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं राजकीय प्राथमिक विद्यालय किद्दूवाला के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को बच्चों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा मानते हुए यूपीसीएल को त्वरित समाधान के आदेश दिए गए।
इसके अलावा जलभराव, अवैध अतिक्रमण, सिंचाई नहर बंद करने और दूषित पेयजल जैसी समस्याओं पर भी संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर निस्तारण करते हुए बाकी मामलों में त्वरित जांच का भरोसा दिलाया।