‘नया भारत अन्याय सहन नहीं करता’, ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर बोले सीएम धामी

देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि नया भारत अब किसी भी प्रकार का अन्याय और आतंकवाद सहन नहीं करता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भारतीय सेना के अदम्य साहस के कारण ऑपरेशन सिंदूर को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया, जिसने आतंकवाद के खिलाफ देश की मजबूत इच्छाशक्ति को दुनिया के सामने प्रदर्शित किया।

मुख्यमंत्री देहरादून स्थित दून सैनिक इंस्टीट्यूट में आयोजित “ऑपरेशन सिंदूर-शौर्य, सम्मान और वीरता” कार्यक्रम में शामिल हुए। यह आयोजन ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर किया गया था। कार्यक्रम में सेना के शौर्य, बलिदान और पराक्रम को याद करते हुए सैनिकों को सम्मानित भी किया गया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारतीय सेना के साहस, समर्पण और त्याग के कारण दुश्मन भारत की ओर आंख उठाने की हिम्मत नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि जब पूरा देश रात में सो रहा था, तब भारतीय सेनाओं ने मात्र 22 मिनट में पाकिस्तान में सक्रिय आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई भारतीय सेना की रणनीतिक क्षमता और तकनीकी मजबूती का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि देश की अत्याधुनिक वायु सुरक्षा प्रणाली ने दुश्मन के सभी हमलों को विफल कर दिया और एक भी मिसाइल भारतीय जमीन पर नहीं गिरने दी। मुख्यमंत्री के अनुसार भारतीय सेनाओं ने केवल चार दिनों में अपने शौर्य और रणनीतिक कौशल से पाकिस्तान को युद्धविराम के लिए मजबूर कर दिया।

धामी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उन्होंने युवाओं से सेना के साहस और राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, सैन्य अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत अब हर चुनौती का जवाब मजबूती और निर्णायक कार्रवाई के साथ देने में सक्षम है और देश की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.