काठमांडू। नेपाल-भारत सीमा पर सुरक्षा जांच के दौरान 20 लाख भारतीय रुपये बरामद होने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। यह कार्रवाई नेपाल के मोरंग जिले में सशस्त्र पुलिस बल द्वारा नियमित चेकिंग अभियान के दौरान की गई। पुलिस के अनुसार संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर मोटरसाइकिल सवार लोगों की जांच की गई, जिसमें भारी मात्रा में भारतीय मुद्रा बरामद हुई।
सशस्त्र प्रहरी बल के मोरंग जिला डीएसपी शैलेंद्र थापा ने बताया कि सोमवार सुबह भारत से नेपाल की ओर आ रहे कुछ लोगों पर सीमा सुरक्षा टीम को शक हुआ। जांच के दौरान मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे युवक ने अपने पास मौजूद बैग अचानक सड़क किनारे फेंक दिया और मौके से फरार हो गया। जब सुरक्षा कर्मियों ने बैग की तलाशी ली तो उसमें 500 रुपये के नोटों की 40 गड्डियां मिलीं, जिनकी कुल कीमत 20 लाख भारतीय रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक फरार युवक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है और उसकी तलाश जारी है। शुरुआती जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इतनी बड़ी रकम किस उद्देश्य से नेपाल लाई जा रही थी। सुरक्षा एजेंसियां इस मामले को सीमा पार अवैध लेन-देन और तस्करी से जोड़कर भी जांच कर रही हैं।
नेपाल और भारत के बीच खुली सीमा होने के कारण अक्सर सुरक्षा एजेंसियां संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए रखती हैं। हाल के दिनों में सीमा क्षेत्रों में नकदी, सोना और अन्य अवैध सामानों की तस्करी के मामलों में बढ़ोतरी देखी गई है। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियों ने जांच अभियान और कड़ा कर दिया है।
बरामद भारतीय मुद्रा को अब कानूनी प्रक्रिया के तहत संबंधित विभाग को सौंपने की तैयारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।