चारधाम यात्रा पर मौसम का खतरा! 12-13 मई के लिए प्रशासन ने जारी की बड़ी चेतावनी

गढ़वाल मंडल में चल रही चारधाम यात्रा के बीच मौसम विभाग ने 12 और 13 मई को प्रदेश के कई हिस्सों, खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बारिश और खराब मौसम की संभावना जताई है। मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके बाद गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

आयुक्त ने कहा कि यात्रा पर निकलने से पहले श्रद्धालु मौसम की ताज़ा जानकारी अवश्य प्राप्त करें और उसी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना तैयार करें। उन्होंने विशेष रूप से 12 और 13 मई के दौरान यात्रा करने वाले यात्रियों से सतर्क रहने को कहा है। उनका कहना है कि यदि संभव हो तो मौसम सामान्य होने के बाद यात्रा करना अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक रहेगा।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि चारधाम यात्रा मार्गों पर प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है और सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की भी अपील की गई है ताकि किसी प्रकार की असुविधा या जोखिम से बचा जा सके।

गढ़वाल आयुक्त ने कहा कि राज्य सरकार श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए राहत एवं बचाव दलों को भी तैयार रखा गया है। उन्होंने यात्रियों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल प्रशासन व मौसम विभाग द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की सलाह दी।

उन्होंने विश्वास जताया कि श्रद्धालुओं के सहयोग, सतर्कता और प्रशासन की तैयारियों के चलते चारधाम यात्रा सुरक्षित, सुगम और सफलतापूर्वक संपन्न होगी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.