देहरादून। शहर में बढ़ते यातायात दबाव और अपराध नियंत्रण को लेकर देहरादून पुलिस अब सख्त रुख अपनाने जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने पुलिस कार्यालय में आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी के दौरान सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गोष्ठी में कानून व्यवस्था, चारधाम यात्रा और वीकेंड पर्यटक सीजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। एसएसपी ने पुलिस अधीक्षक नगर और यातायात अधिकारियों को निर्देश दिए कि दिल्ली-देहरादून एलिवेटेड रूट शुरू होने के बाद बढ़ने वाले ट्रैफिक दबाव को देखते हुए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए।
उन्होंने आशारोड़ी से मसूरी तक पूरे मार्ग को अलग-अलग सेक्टरों में बांटकर सेक्टरवार ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान लागू करने के निर्देश दिए। साथ ही ड्रोन के जरिए यातायात की निगरानी करने और प्रमुख पर्यटन स्थल मसूरी में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने को कहा गया।
एसएसपी ने यह भी निर्देश दिए कि मसूरी और आसपास के क्षेत्रों में पार्किंग की समस्या को देखते हुए अतिरिक्त पार्किंग स्थल चिन्हित किए जाएं, ताकि पर्यटकों को सुविधा मिल सके और जाम की स्थिति से बचा जा सके।
अपराध नियंत्रण के लिए “ऑपरेशन प्रहार” को और तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सत्यापन अभियान चलाकर संदिग्ध और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने को कहा गया है।
रात के समय अनावश्यक रूप से घूमने वाले व्यक्तियों से पूछताछ करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस की प्राथमिकता जनता की सुरक्षा और सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखना है।