देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस में कथित ठगी के एक मामले को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप ने इस घटना पर कड़ी नाराजगी जताते हुए गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि कुछ तथाकथित ‘420’ गिरोह द्वारा कांग्रेस नेताओं को निशाना बनाए जाने की खबर बेहद गंभीर है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि पार्टी ऐसे समय में चुनावी तैयारियों में जुटी है, जब देश के कई राज्यों में अपेक्षित परिणाम नहीं मिले हैं। ऐसे में संगठन के भीतर सतर्कता और जिम्मेदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से अपील की कि किसी भी गतिविधि से पहले सोच-समझकर कदम उठाएं।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में पकड़ा गया व्यक्ति संभवतः किसी राजनीतिक साजिश का हिस्सा हो सकता है और इसकी जांच इस पहलू से भी की जानी चाहिए। उनका कहना है कि समाज में ठग हर माहौल में सक्रिय रहते हैं, लेकिन यदि राजनीतिक लोग ही उनकी पहचान न कर सकें तो यह चिंता का विषय है।
धीरेंद्र प्रताप ने गणेश गोदियाल का बचाव करते हुए कहा कि वह ईमानदार और सरल स्वभाव के नेता हैं। उनकी छवि खराब करने की कोशिशें सफल नहीं होंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि पुलिस जांच के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई होगी।
उन्होंने केरल में पार्टी के प्रदर्शन पर संतोष जताया और कहा कि कांग्रेस अन्य राज्यों में मिली हार से सबक लेकर आगे बेहतर रणनीति के साथ काम करेगी। साथ ही उन्होंने राहुल गांधी के नेतृत्व और संघर्ष क्षमता पर भरोसा जताया।
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मांग की कि मामले की गहन जांच कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।