देश को बांटने की साजिश नहीं चलेगी”—महिला आरक्षण पर कांग्रेस का प्रहार

देहरादून।  उत्तराखंड कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में सुप्रिया श्रीनेत ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण के नाम पर देश के लोकतंत्र, संघीय ढांचे और संविधान के साथ खिलवाड़ करने की कोशिश की गई, जिसे संसद में करारी हार मिली है।

सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि 2023 में पारित महिला आरक्षण कानून को जानबूझकर परिसीमन और पुरानी जनगणना से जोड़ा गया, जबकि इसमें OBC वर्ग की महिलाओं के लिए कोई प्रावधान नहीं किया गया। उनके अनुसार, इससे कानून को लागू करना लगभग असंभव बना दिया गया है।

उन्होंने कहा,
“हम महिला आरक्षण के पूरी तरह पक्ष में हैं, लेकिन महिलाओं के नाम पर देश को बांटने की साजिश को कभी स्वीकार नहीं करेंगे।”

प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि यह कदम राजनीतिक नक्शा बदलने और संविधान पर हमला करने की कोशिश है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं की सुरक्षा के मामलों में सरकार विफल रही है और कई संवेदनशील घटनाओं में चुप्पी साधे रखी गई।

सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि सरकार का असली उद्देश्य महिला आरक्षण नहीं, बल्कि परिसीमन के जरिए राजनीतिक लाभ हासिल करना है। उन्होंने 2011 की जनगणना के आधार पर परिसीमन को अव्यावहारिक बताते हुए कहा कि इससे लोकतांत्रिक संतुलन और संघीय ढांचे पर असर पड़ेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि बिना जातिगत जनगणना के न्यायसंगत आरक्षण संभव नहीं है और OBC महिलाओं के लिए अलग प्रावधान होना चाहिए। साथ ही, उन्होंने आरोप लगाया कि इतने महत्वपूर्ण विषय पर न तो सर्वदलीय बैठक बुलाई गई और न ही व्यापक चर्चा की गई।

मणिपुर की स्थिति का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वहां लंबे समय से हिंसा जारी है, लेकिन केंद्र सरकार मौन है और महिलाएं सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं।

उन्होंने कहा,
“महिलाओं को ढाल बनाकर लोकतंत्र को कमजोर करने की हर कोशिश को जनता और विपक्ष मिलकर नाकाम करेगा।”

इस मौके पर गणेश गोदियाल ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर महिला आरक्षण का प्रस्ताव लाते हैं, तो कांग्रेस पूरा सहयोग करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि उनकी विधानसभा सीट महिला के लिए आरक्षित होती है, तो वे उसे खुशी-खुशी महिला प्रत्याशी के लिए छोड़ने को तैयार हैं।

प्रेस वार्ता में मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, नेशनल कोऑर्डिनेटर सोशल मीडिया सरदार अमरजीत सिंह, प्रदेश प्रवक्ता अभिनव थापर एवं शीशपाल सिंह बिष्ट भी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.