जबलपुर में हथियारों का बड़ा जाल बेनकाब, 50 चाइना चाकू के साथ आरोपी गिरफ्तार

Jabalpur,   मध्य प्रदेश के जबलपुर में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। क्राइम ब्रांच और माढ़ोताल थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जिसके कब्जे से 50 चाइना चाकू और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध हथियार कारोबार को लेकर सनसनी फैल गई है।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। अभियान का उद्देश्य अवैध हथियार और मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष गुप्ता और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में टीम ने यह कार्रवाई अंजाम दी।

जानकारी के मुताबिक 16 अप्रैल की रात क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि माढ़ोताल क्षेत्र के मदर टेरेसा नगर में किराए के मकान में रहने वाला एक व्यक्ति बड़ी संख्या में चाइना चाकू बेचने की तैयारी कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।

छापेमारी के दौरान पुलिस को बताए गए हुलिए का व्यक्ति घर पर मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम पारस जैन (33) निवासी संग्रामपुर, दमोह और वर्तमान निवासी मदर टेरेसा नगर, माढ़ोताल बताया। तलाशी लेने पर उसके घर में पलंग के नीचे रखे एक बैग से 50 चाइना चाकू बरामद किए गए।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह इन चाकुओं को 200 रुपये प्रति पीस के हिसाब से बेचने की तैयारी में था। उसने यह भी बताया कि यह सामान उसे उसके रिश्तेदार अभि उर्फ अभिषेक गुप्ता, निवासी Giridih द्वारा भेजा गया था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी तेज कर दी गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.