हिमाचल की दो बेटियों का कमाल, BCCI अंडर-19 एलीट कैंप के लिए हुआ चयन

धर्मशाला  । हिमाचल प्रदेश की महिला क्रिकेट को बड़ी सफलता मिली है। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) की दो युवा खिलाड़ियों का चयन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड द्वारा आयोजित अंडर-19 गर्ल्स एलीट कैंप के लिए किया गया है। यह कैंप 27 अप्रैल से 23 मई 2026 तक बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में आयोजित होगा।

चयनित खिलाड़ियों में कांगड़ा की प्रतिभाशाली क्रिकेटर धन्यलक्ष्मी और अहाना शर्मा शामिल हैं। दोनों खिलाड़ियों को 26 अप्रैल तक कैंप में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। यह कैंप युवा खिलाड़ियों के लिए अपने खेल को निखारने और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का एक अहम मंच माना जाता है।

कैंप में भाग लेने से पहले दोनों खिलाड़ियों को फिटनेस टेस्ट से गुजरना होगा। यह परीक्षण धर्मशाला स्थित एचपीसीए क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। फिटनेस में सफल होने के बाद ही उन्हें अंतिम रूप से कैंप में शामिल होने की अनुमति मिलेगी।

एचपीसीए के मानद सचिव मनुज शर्मा ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह चयन न केवल खिलाड़ियों के लिए बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये खिलाड़ी कैंप में शानदार प्रदर्शन कर राज्य और देश का नाम रोशन करेंगी।

उन्होंने यह भी कहा कि एचपीसीए लगातार महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत है और इस तरह के चयन से अन्य युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.